शिमला 31 अक्तूबर, 2026

लोक भवन, शिमला में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा हिमाचल प्रदेश में रह रहे देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों से संवाद किया। कार्यक्रम में दिल्ली, झारखंड, पंजाब, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, लद्दाख और चंडीगढ़ के प्रतिनिधि शामिल हुए।
इस अवसर पर संदीप भारद्वाज ने कहा कि राज्यपाल के निर्देशानुसार लोक भवन में विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के स्थापना दिवस मनाने की पहल के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को सुदृढ़ करना है, ताकि देश के विभिन्न क्षेत्रों के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत, भाषाओं, परंपराओं एवं जीवनशैली का उत्सव मना सकें।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ, सौहार्द एवं समरसता को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘विविधता में एकता’ की भावना को भी मजबूत करते हैं। इससे हिमाचल प्रदेश में रह रहे विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और परंपराओं को जानने तथा समझने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा हिमाचल प्रदेश में अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को उत्सव के रूप में मनाने का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संदीप भारद्वाज ने सभी प्रतिभागी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों को हिमाचली टोपी एवं मफलर भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

You missed