नई दिल्ली: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने नई दिल्ली में मण्डी जनकल्याण सभा द्वारा आयोजित ‘सैर महोत्सव’ में शामिल होकर संस्था की छह दशक से अधिक लंबी गौरवशाली सेवा यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा राहत और जन सहयोग के साथ-साथ मण्डी और हिमाचल की संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में संस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मण्डी और हिमाचल के अपने लोगों और अपनी मातृभूमि के लिए निःस्वार्थ भाव से सेवा करने वाली इस संस्था के कार्यक्रम में शामिल होकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। अपने लोगों के बीच मण्डी और हिमाचल की सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इस आयोजन में अपनी मिट्टी की महक भी महसूस हो रही है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1961 में दिल्ली में रह रहे मण्डी और हिमाचल के लोगों को एकजुट करने तथा समाजसेवा के उद्देश्य से स्थापित मण्डी जनकल्याण सभा आज मण्डी और हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने वाला व्यापक सामाजिक मंच बन चुकी है। संस्था द्वारा मण्डी और हिमाचल के लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा एवं नेत्र चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है तथा मण्डी और हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों एवं सामाजिक वर्गों के लोगों को एक साझा मंच प्रदान कर सहयोग, एकता और सामूहिक भावना को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मण्डी और हिमाचल के अपने लोगों, अपनी संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए मण्डी जनकल्याण सभा का कार्य प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।
जय राम ठाकुर ने मण्डी जनकल्याण सभा के सभी सदस्यों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ‘सैर महोत्सव’ के सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि मण्डी और हिमाचल के लिए छह दशक से अधिक की निरंतर सामाजिक, चिकित्सा, राहत और सांस्कृतिक सेवा के कारण संस्था ने जो प्रतिष्ठा और पहचान बनाई है, उसका यह कारवां आने वाले समय में और ऊंचाइयों तक पहुंचे। मण्डी और हिमाचल के अधिक से अधिक लोग इस पुनीत सेवा कार्य से जुड़ें और संस्था समाजसेवा के क्षेत्र में इसी तरह अपनी विशिष्ट पहचान बनाती रहे।
