शिमला | 19 सितंबर 2026
शिमला। श्री अग्रवाल सभा शिमला की ओर से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, अग्रवाल धर्मशाला, लोअर बाजार में श्री राधाष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने विशेष रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के पदाधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा कि श्री राधाष्टमी महोत्सव भारतीय संस्कृति, आस्था, प्रेम और भक्ति का प्रतीक है। भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी का जीवन समाज को निस्वार्थ प्रेम, समर्पण और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल सभा धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं को जीवंत रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा बढ़ता है और नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
विनोद अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव में शिमला के भजन प्रवाहक श्री राजेंद्र काली एवं पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति का कार्यक्रम रखा गया। महोत्सव के अंतर्गत छप्पन भोग एवं भंडारे की व्यवस्था भी की गई तथा रात्रि में प्रभु इच्छा तक भजन संध्या का कार्यक्रम निर्धारित किया गया।
उन्होंने कहा कि अग्रवाल सभा का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक समरसता, सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने महोत्सव में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं और अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने आयोजन के लिए अग्रवाल सभा को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिमला की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं शहर की विशिष्ट पहचान हैं। इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में अग्रवाल सभा के प्रधान विनोद अग्रवाल, महासचिव सुरेंद्र कुमार गोयल, कोषाध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, सचिव तरुण गुप्ता सहित सभा के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
