पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने पंजाब विश्वविद्यालय के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ऐतिहासिक विजय पर संगठन के सभी कार्यकर्ताओं एवं विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि देश के युवाओं और विशेषकर नई पीढ़ी के विश्वास की जीत है। दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ने वाले एबीवीपी के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय और अब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में मिली जीत यह दर्शाती है कि देश का युवा राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सकारात्मक विचारों के साथ खड़ा है। छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है और देश के युवा भविष्य के भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने एबीवीपी के सभी कार्यकर्ताओं को इस विजय के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
