सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि 50 वर्षों तक कांग्रेस ने दोनों हाथों से देश और प्रदेश के लोगों को लूटा है। पूर्व में जब हिमाचल में भी कांग्रेस की सरकारें रही तो भ्रष्टाचार को बोलबाला रहा। सीएम ने कहा कांग्रेस ने हमेशा सत्ता का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश को लूटने वाली कांग्रेस के एक नेता यात्रा पर निकले हैं। इनके नेताओं को डर है कि हिमाचल में आकर वह पता नहीं क्या बोल दें, इसलिए उन्हें भारत जोड़ो और कांग्रेस छोड़ो यात्रा पर भेज दिया है।

*‘सत्ता में आने के लिए जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस’*

बड़सर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जा रहे हैं वहां कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो रहा है। कांग्रेस की गारंटियों पर तंज कसा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इनके एक बड़े नेता से जब महिलाओं को 1500 रुपये देने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं मालूम की कांग्रेस यह पैसा कहां से देगी। कांग्रेस केवल जनता को गुमराह करने और सत्ता पाने के लिए हर पैंतरे आजमा रही है, लेकिन जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली। इस बार रिवाज बदलकर रहेगा।