शिमला, 12 नवंबर। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रणधीर शर्मा ने पालमपुर में आनंद शक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट की ट्रस्टी असील अली कुठियाला द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक महिला द्वारा अपनी जान-माल की सुरक्षा, पारिवारिक ट्रस्ट की संपत्ति पर कथित अवैध कब्जे, मारपीट, वन संपदा के विनाश और पुलिस प्रशासन की कथित निष्क्रियता को लेकर देश के प्रधानमंत्री से गुहार लगाना हिमाचल प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

रणधीर शर्मा ने कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक है कि एक महिला, जो पिछले तीन वर्षों से पालमपुर में अपने पारिवारिक ट्रस्ट की संपत्ति की देखरेख कर रही है, स्वयं को असुरक्षित बताते हुए प्रधानमंत्री से हस्तक्षेप की मांग करने को मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक को स्थानीय पुलिस और प्रशासन से न्याय मिलने का भरोसा नहीं रह जाता, तो यह प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न है।

Leave a Reply