हिमाचल प्रदेश। बसों की छतों पर सफर करना सरकार की ओर से पहले ही बंद कर दिया गया था, लेकिन अब बसों की छतों पर सामान ले जाना भी मान्य नहीं होगा। इस संबंध में केंद्रीय परिवहन मंत्रालय की ओर से नए आदेश जारी किए गए हैं।
केंद्रीय परिवहन मंत्रालय की ओर से जारी नई गाइडलाइंस के अनुसार अब न, तो सवारी बसों की छत पर सफर कर पाएगी और न ही सामान बसों की छतों पर ढोया जा सकेगा।
मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे के आदेश के बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम अपनी सभी बसों पर लगे कैरियर हटाएगा। एचआरटीसी को मिलने वाली नई 205 बसों में भी कैरियर नहीं लगेगा।
ऐसी सात नई बसें हिमाचल रोडवेज के नालागढ़ डिपो पर पहुंच गई हैं। दूसरी ओर इस नई व्यवस्था से लोग नुकसान होने की बात कह रहे हैं।
दरअसल पहाड़ी राज्य हिमाचल में लोगों के लिए ट्रांसपोर्ट का एकमात्र जरिया रोडवेज है और लोग सुबह-शाम अपना सारा सामान बसों की छतों पर बने कैरियर पर ही लादकर लाते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
केंद्र सरकार की रोड ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री के आदेश हैं कि किसी भी पैसेंजर बस की छत में कैरियर नहीं हो सकता है। ऐसे में अब जो भी बसें आएंगी, वह बिना कैरियर की होंगी। इन नई बसों को हम लांग रूट पर चलाएंगे।
