मनाली।।दिल्ली से सीधे लेह जा रहे हैं तो आपके लिए खुशखबरी है। एचआरटीसी ने दिल्ली से लेह के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। पहाड़ी रास्तों के रोमांच और यात्रा का शौक रखने वालों सैलानियों का सुहाना सफर शुरू हो गया है। एचआरटीसी केलंग डिपो ने आज दिल्ली लेह बस सेवा शुरू कर दी। एसडीएम केलंग प्रिया नागटा ने बस को हरी झंडी देकर केलंग से लेह के लिए रवाना किया। उन्होंने बस चालक व परिचालक सहित सभी को खतका पहनाकर सम्मानित किया और शुभकामनाएं दीं। देश के सबसे ऊंचे व 1026 किलोमीटर लंबे रूट में पहले दिन बस 16 सवारियों के साथ केलंग से लेह रवाना हुई।
यह बस सेवा आठ महीने बाद शुरू हुई है। पिछले साल यह बस सेवा एक जुलाई को शुरू हुई थी और 15 सितंबर को बंद हो गई थी। आज लेह गई बस 16 मई को लेह में रुकेगी और 17 को लेह से सुबह तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। लेह से दिल्ली का किराया 1740 रुपये निर्धारित किया गया है।
एसडीएम ने कहा इस बस में सफर करने वाले पर्यटक प्रदेश के शानदार बर्फ से लदे आसमान छूते चार दर्रों व अद्भुत पर्यटन स्थलों को निहारते हुए केलंग से 10 घंटों के भीतर लेह पहुंचेंगे। दिल्ली से लेह के इस सफर की खासियत यह भी है कि एक पल चमकती धूप में सेब के बगीचे नजर आएंगे तो अगले पल बर्फ से ढके पहाड़ रोमांचित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा के शुरू होने से देश-विदेश के सैलानियों को लाभ मिलेगा।
एचआरटीसी के आरएम मंगल चन्द मनेपा ने बताया कि लेह दिल्ली का रोमांचित करने वाला 1026 किलोमीटर का यह सफर मात्र 1740 रुपये किराया देकर कर सकेंगे। यात्रा की अवधि 36 घंटे रहेगी। लेह से मनाली होते हुए दिल्ली के लिए तीन चालक व दो परिचालक होंगे। लेह से दिल्ली चलने वाली बस का पहला चालक लेह से केलंग तक सेवाएं देगा। दूसरा केलंग से सुंदरनगर तक जबकि तीसरा सुंदरनगर से दिल्ली तक सुरक्षित सफर करवाएगा।
इस रूट में दो परिचालक सेवाएं देगे। लेह से चलना वाला परिचालक केलंग तक जबकि दूसरा केलंग से दिल्ली तक सेवाएं देगा। उन्होंने बताया लेह से सुबह तीन बजे जबकि केलंग से यह बस सुबह पांच बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह बस दिल्ली से दोपहर ढाई बजे लेह के लिए रवाना होगी।

