चिंतपूर्णी पुलिस ने धार्मिक नगरी में देह व्यापार का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने बुधवार देर रात एसडीपीओ अम्ब इलमा अफरोज और चिंतपूर्णी थाना प्रभारी रोहिणी ठाकुर की अगुवाई में एक निजी होटल में दबिश देकर तीन महिलाओं समेत इस अवैध धंधे को चलाने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. इन चारों को पुलिस ने नए बस अड्डे के समीप एक निजी होटल से पकड़ा है. यह सारी कार्रवाई एसडीपीओ (आईपीएस) इलमा अफरोज के नेतृत्व में बुधवार देर रात की गई. पुलिस ने रात करीब 11 बजे गुप्त तरीके से उक्त होटल में दबिश दी थी।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त होटल में देह व्यापार चल रहा है. अन्‍य राज्यों से महिलाएं पहुंची हैं और इनकी गतिविधियां भी संदिग्ध हैं. ऐसे में पुलिस ने होटल में दबिश दी, जहां तीन महिलाएं मौजूद थीं. पहले पुलिस ने फर्जी ग्राहक बनाकर एक व्यक्ति को भेजा और पांच सौ रुपये का नोट भी दिया। इसके तुरंत बाद पुलिस की टीम ने दबिश दे दी. पुलिस को देखकर दो महिलाओं और एक व्यक्ति ने भागने की कोशिश की लेकिन मौके पर ही इन्हें पकड़ लिया गया.एक महिला के पास से पुलिस द्वारा फर्जी ग्राहक बनकर दिया गया पांच सौ रुपये का नोट भी बरामद हो गया है। पुलिस चारों आरोपितों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है. पकड़ी गई महिलाएं पंजाब से संबंधित बताई जा रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि महिलाओं को जबरन धंधे में तो नहीं धकेला गया है जबकि इस धंधे के मुख्य सरगना की पहचान के लिए पुलिस जांच कर रही है। इस संदर्भ में स्थानीय थाना में मामला दर्ज हो गया है। चिन्तपूर्णी में देह व्यापार को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन अब पुलिस की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है. पुलिस ने बताया कि एक दलाल जो की होटल के बाहर खड़े होकर इस कार्य को अंजाम दे रहा था, उससे भी पूछताछ की जा रही है।