धर्मशाला, 13 अप्रैल: प्रधान सचिव, राजस्व ओंकार शर्मा ने कांगड़ा जिला के सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि लंबित विभिन्न राजस्व मामलों को जल्द निपटाया जाए, ताकि लोगों को किसी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में प्रधान सचिव ओंकार शर्मा ने कांगड़ा जिला में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि रोजमर्रा के जीवन में राजस्व मामले महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तकसीम, इन्तकाल, निशानदेही इत्यादि के सम्बन्ध में लोगों को प्रतिदिन राजस्व अधिकारियों से मिलना पड़ता है। इसीलिए राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं कि आम आदमी को इनसे सम्बन्धित विषयों में जल्द राहत प्रदान करने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भूमि से सम्बन्धित विषयों को सप्ताहवार एवं दैनिक आधार पर निपटाने का प्रयास करना चाहिए।