हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड इस बार जून माह के दूसरे सप्ताह तक 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित करेगा। 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होते ही पेपर मूल्यांकन प्रक्रिया से संबंधित आगामी कार्य को बोर्ड प्रबंधन की ओर से अमल में लाया जाएगा और अप्रैल माह के अंत तक सारी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद पेपर चैकिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।

बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की टर्म-2 की परीक्षाएं 13 अप्रैल को समाप्त हो जाएंगी। इन परीक्षाओं के समाप्त होते ही बोर्ड प्रबंधन पेपर मूल्यांकन से संबंधित आगामी कार्रवाई को अमल में लाएगा।इस दौरान अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं पर विशेष कोड लगाया जाएगा। कोड लगाने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को निर्धारित शेड्यूल में मूल्यांकन केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।

इस कार्य को करने के लिए बोर्ड प्रबंधन को करीब 20 से 25 दिन का समय लगेगा। प्रक्रिया पूरी होते ही पेपर मूल्यांकन का कार्य शुरू होगा। आंसरशीट का मूल्यांकन अध्यापकों की ओर से अपने घरों में ही किया जाएगा। अध्यापक को करीब 180 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए दी जाएंगी।