शिमला 17 सितम्बर, 2026
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज मुंबई में आयोजित गणेशोत्सव समारोह के दौरान लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता और परिजनों सहित सुप्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
राज्यपाल ने भगवान श्री गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश में शांति एवं सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गणेशोत्सव भारत की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रतिबिंबित करता है। यह देश की समृद्ध धार्मिक सौहार्द की भावना का परिचायक है, जो भक्ति, आस्था, सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता जैसे शाश्वत मूल्यों को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व सामाजिक एवं क्षेत्रीय सीमाओं से परे लोगों को एकजुट करता है तथा आपसी एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है।
राज्यपाल ने कहा कि लालबागचा राजा श्रद्धालुओं के हृदय में विशेष स्थान रखते हैं और पिछले कई दशकों में यह मुंबई की गहरी आस्था तथा जीवंत जनभागीदारी का प्रतीक बनकर उभरा है।
कविन्द्र गुप्ता ने गणेशोत्सव के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा भगवान श्री गणेश जी से देश में शांति, प्रगति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
