23 अगस्त को प्रातः 11 बजे महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष जुटेंगे भाजपा विधायक, राष्ट्रगीत के सम्मान में एक स्वर में गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’ : बलबीर वर्मा

शिमला, 22 अगस्त। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलबीर वर्मा ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी विधायक दल रविवार, 23 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा विधायक दल के सभी विधायक उपस्थित रहेंगे और सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर मातृभूमि के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करेंगे।

बलबीर वर्मा ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रभक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से जुड़ा राष्ट्रगीत है। आजादी के आंदोलन के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का उद्घोष देशवासियों में राष्ट्रप्रेम और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करने वाला स्वर बना।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल का यह कार्यक्रम राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। साथ ही देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष और बलिदान करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान का स्मरण किया जाएगा।

बलबीर वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजन के लिए भाजपा की ओर से जिला प्रशासन को विधिवत अनुमति हेतु आवेदन दिया गया है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से आयोजित किया जाएगा तथा जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 23 अगस्त को प्रातः 11 बजे रिज मैदान स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल एक स्वर में ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेगा।

बलबीर वर्मा ने कहा, “राष्ट्र और मातृभूमि का सम्मान हमारे लिए सर्वोपरि है। ‘वंदे मातरम्’ हमारे राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। भाजपा विधायक दल पूरे सम्मान और गौरव के साथ इसका सामूहिक गायन करेगा।”

Leave a Reply