शिमला। इस बार के मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने राज्य में 7 से 8 हजार हेक्टेयर भूमि पर 50 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से करीब 4 हजार हैक्टेयर भूमि पर राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत पौधे रोपे जाएंगे। इसके लिए विभाग ने सभी वन मंडल स्तर पर तैयारियां भी शुरू कर दी है। बताया गया कि राज्य के विभिन्न जिलों की भौगोलिक परिस्थितियों एवं संतुलित जलवायु के मुताबिक चिनार और अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। विभाग ने वर्ष 2030 तक मिशन-32 यानी राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत तक बढ़ाने के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया है। इसके मद्देनजर इस बार के वन महोत्सव में प्रदेश के सभी जिलों में पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने टारगेट फिक्स किया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जाइका वानिकी परियोजना भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। वन बल प्रमुख डा. संजय सूद ने प्रदेश की जनता से पौधरोपण अभियान में सहयोग करने तथा उनके संरक्षण की अपील भी की। उन्होंने राज्य के सभी वन मंडलाधिकारियों को प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना और राजीव गांधी ग्रीन एडॉप्शन योजना पर बेहतरीन कार्य करने के निर्देश दिए।
