नेता प्रतिपक्ष ने संजौली शिमला में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ दुनिया का सबसे लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात”सुना।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने बीते दिनों भारत का परचम लहराने वाली हमारी महिला कबड्डी टीम और ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम की शानदार उपलब्धियों की सराहना की। इन टीमों ने कठिन परिस्थितियों में भी अद्भुत जज़्बा दिखाकर देश का मान बढ़ाया है। उनके साहस, समर्पण और संघर्ष की भावना हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। वर्ल्ड कप कबड्डी में हिमाचल की बेटियों का योगदान भी बहुत अहम है यह हमारे लिए दोहरी खुशी की बात है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वदेशी उत्पादों के लिए विशेष लगाव रहा है। वोकल फॉर लोकल और मेड इन इंडिया– मेड फॉर वर्ल्ड का मिशन भारत को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए चलाया गया है।  आज के कार्यक्रम में भी  प्रधानमंत्री जी ने स्वदेशी उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने और वोकल फॉर लुक्क के मंत्र को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया। स्थानीय उत्पादों को अपनाकर न केवल हम आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करते हैं, बल्कि अपने कारीगरों, उद्यमियों और छोटे व्यापारियों की आजीविका को भी सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का ‘मन की बात’ पुनः इस बात का संदेश देता है कि राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है, चाहे वह खेल का मैदान हो, सीमा हो या बाज़ार। आइए, हम सब मिलकर स्वदेशी को अपनाएं, स्थानीय को बढ़ावा दें और भारत को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के संकल्प को और मजबूत करें।