शिमला, 4 मई : राजधानी के उपनगर ढली क्षेत्र के शनान में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 22 वर्षीय विजय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है। विजय परिवार सहित शनान में किराए के मकान में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार बीती रात वह करीब 11 बजे अपने कमरे में सोने गया था जबकि उसके परिजन दूसरे कमरे में सोए हुए थे। सुबह जब विजय की मां उसे जगाने गई तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा बंद होने के कारण परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और देखा कि विजय फंदे से लटका हुआ है। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और कमरे के फर्श पर लिटा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि फंदा छत में लगे एक हुक से बनाया गया था और उसकी ऊंचाई जमीन से 69.5 इंच थी। मृतक के गले पर गहरे नीले रंग का निशान पाया गया लेकिन शरीर पर किसी अन्य प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं मिला। ढली पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है
और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक ने आत्महत्या किन कारणों से की। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।