10 अक्टूबर, 2022

जनभागीदारी की भावना के साथ नेहरू युवा केंद्र, शिमला, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा आज ग्राम पंचायत नालदेहरा के गांव सैंव में स्वच्छ भारत 2.0 अभियान के तहत गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, रास्तों, गलियों की सफाई की गई । इस कार्यक्रम में युवक मंडल सैंव के युवाओं ने भाग लिया। जिसमें तकरीबन 50 किलो कूड़ा एकत्रित किया गया तथा उसका विधिवत तरीके से निस्तारण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आदर्श युवक मंडल सैंव के प्रधान कपिल गांधी ने की।
युवक मंडल सैंव के प्रधान कपिल गांधी ने युवाओं को जागरूक करके बताया कि त्योहारों के दौरान अपशिष्ट कचरा संग्रह करके अपने आसपास के क्षेत्र की सफाई का विशेष ध्यान रखना इस कार्यक्रम का उद्देश्य है। कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य स्थान (हॉटस्पॉट), पर्यटन स्थल, शैक्षणिक संस्थान, बस स्टैंड/रेलवे स्टेशन एवं उनके आसपास, धार्मिक स्थल व उनके आसपास के स्थान, अस्पताल और जल स्रोत इत्यादि को साफ रखना और गंदगी से होने वाली बीमारियों के बारे में लोगों को जागरूक करना, इस कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्य हैं।
01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2022 तक देश के सभी जिलों में सार्वजनिक स्थानों तथा घरों में भी सफाई का आयोजन करना है तथा सिंगल यूज प्लास्टिक को एकत्र तथा उसका निस्तारण भी किया जाना है, ताकि अपने आसपास के वातावरण या स्थान को स्वच्छ, कचरा मुक्त किया जा सके तथा इस कार्यक्रम के तहत नागरिकों में जागरूकता एवं गर्व की भावना उत्पन्न की जा सके। इसके साथ ही यह अभियान ‘स्वच्छ काल: अमृत काल’ का मूल मंत्र देगा।
कपिल गाँधी ने सभी युवाओं का स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए धन्यवाद किया। यह जानकारी आज नेहरू युवा केंद्र शिमला की जिला युवा अधिकारी मनीषा शर्मा ने प्रैस को दी ।
