शिमला।। हिमाचल प्रदेश में प्रवक्ता और मुख्याध्यापक पद से पदोन्नत हुए 265 प्रधानाचार्यों की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। सचिव शिक्षा डाक्टर रजनीश की ओर से इस संबंध में स्टेशन देने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। शिक्षक 22 दिन से नियुक्ति का इंतजार कर रहे थे। 30 अप्रैल को शिक्षा विभाग ने 201 मुख्य अध्यापकों और 64 लेक्चरर को प्रधानाचार्य बनाया था। हालांकि इनमें से तीन को तुरंत नियुक्ति दे दी थी, चूंकि वे उसी दिन सेवानिवृत्त हो रहे थे। शेष शिक्षक असमंजस में थे कि उनकी नियुक्ति होगी या फिर कोई विवाद हो जाएगा। इसको लेकर कई शिक्षक संगठन शिक्षा मंत्री व प्रधान सचिव शिक्षा से मिले भी थे।
दरअसल पदोन्नति के बाद स्टेशन देने का मामला उलझ गया था। पदोन्नत हुए प्रधानाचार्य मनपसंद का स्टेशन चाहते थे। प्रधानाचार्यों ने मंत्रियों के डीओ नोट लगवाए थे। विभाग के पास इतने ज्यादा डीओ नोट आ चुके थे कि स्टेशन देने की प्रक्रिया को अंतिम रूप ही नहीं दे पा रहा था।
प्रवक्ता संघ ने जताया आभार
हिमाचल प्रवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष चितरंजन काल्टा, वित्त सचिव रामलाल लोधटा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष शर्मा, आइटी संयोजक दीपक वर्मा ने नियुक्ति आदेश जारी करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर, प्रधान सचिव डा. रजनीश, निदेशक उच्चतर शिक्षा विभाग डा. अमरजीत शर्मा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संघ इस मामले को लेकर दो बार प्रधान सचिव से मिला था। इसके अलावा मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री को भी अवगत करवाया गया था।