मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि 20 से 22 मई तक प्रदेश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में रहेगा। 20 मई को पूरे प्रदेश में गरज व बिजली गिरने का यैलो अलर्ट रहेगा, जबकि 21 व 22 मई को मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज व ओलावृष्टि के अलावा 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से अंधड़ चलने की आशंका है, ऐसे में तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी का असर कम होगा। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। भुंतर व पच्छाद में 4-4, बजौरा में 3 और गोहर व गग्गल में 2-2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

वहीं प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। खासकर मैदानी इलाकों में चिलचिलाती गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा है। ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थल बना हुआ है। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 39, हमीरपुर में 36.4, कांगड़ा में 36, सुुंदरनगर में 35.6, धर्मशाला में 35, सोलन में 33.5, भुंतर में 33.2, पालमपुर में 30.8, शिमला में 25.5, कल्पा में 21 और कुफरी में 18 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद राजधानी शिमला के तापमान में हल्की गिरावट आई है। 2 दिन पहले शिमला का तापमान 30 डिग्री पार कर गया था, जो अब लुढ़ककर 25 डिग्री सैल्सियस के आसपास आ गया है।