केलांग।मौसम की परिस्थितियां ठीक रहीं तो इस बार देश के सबसे लंबे व ऊंचे मनाली-लेह मार्ग पर 16 मई को बस सेवा शुरू हो जाएगी। एचआरटीसी केलांग डिपो 15 मई को इस मार्ग पर बस का ट्रायल करने जा रहा है। ट्रायल सफल रहा तो 16 मई को सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मनाली-लेह मार्ग पर बस सेवा शुरू हो जाएगी।

2019 तक यह बस सेवा सुचारू चलती रही लेकिन कोरोना काल में प्रभावित हुई। 2021 में एचआरटीसी ने अप्रैल के अंतिम सप्ताह में यह बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया था लेकिन भारी बर्फबारी होने के बाद यह बस सेवा 1 जुलाई से शुरू हो सकी थी। एचआरटीसी के दिल्ली-लेह बस सेवा के लिए सैलानी भी खासे उत्साहित रहते हैं। अटल टनल बनने से पहले बस दिल्ली से लेह का सफर करीब 36 घंटों में तय करती थी लेकिन अब लगभग 5 घंटे की बचत हुई है।