मंडी। राजनीति के चाणक्य एवं संचार क्रांति के मसीहा पंडित सुखराम आज अपनी अनंत यात्रा पर निकलेंगे। उनकी पार्थिव देह बाड़ी स्थित घर से सेरी मंच पर लाई जाएगी। यहां 11 बजे लोगों के दर्शनार्थ पार्थिव देह रखी जाएगी।
सेरी मंच पर लोग अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। करीब डेढ़ बजे सेरी मंच से उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी। मोती बाजार व समखेतर होते हुए अंतिम यात्रा ब्यास नदी के किनारे हनुमानघाट पहुंचेगी। यहां राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतेयष्टि होगी।
प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता रात को ही मंडी पहुंच गए हैं। पंडित सुखराम को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी थोड़ी देर में मंडी पहुंचेंगे। प्रशासन ने पंडित सुखराम की अंतेष्टि की तैयारियां पूरी कर ली है।

गत सप्ताह वीरवार को मनाली में ब्रेन स्ट्रोक होने से पंडित सुखराम का स्वास्थ्य अचानक बिगड़ गया था। मनाली, कुल्लू व जोनल अस्पताल मंडी में उपचार के बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में शिफ्ट किया था। मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे दूसरी बार दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।
