फतेहपुर 1 मई  : सामाजिक न्याय एवम अधिकारिता मंत्री सरवीण चौधरी ने आज रविवार को फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, धमेटा में  आयोजित 26वें जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की 10 पंचायतों  जिसमें धमेटा, बरुणा, मनोह-सिहाल, बाड़ी, पोलियाँ, हड़वाल, नगाल, हाड़ा, फतेहपुर तथा जगनोली  के लोगों की समस्याओं को सुना गया। कार्यक्रम में करीब 1500 से अधिक कलोगों ने भाग लिया। 

    उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने सवा चार साल के कार्यकाल में सामाजिक सुरक्षा पेंशन में आय सीमा की बंदिश को समाप्त करते हुए वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने की आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 60 वर्ष कर दिया है, वहीं इसके तहत मिलने वाली राशि में भी समय-समय पर बढ़ोतरी की है। 

       सरवीण चौधरी ने कहा कि  वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में ही 2 लाख 21 हज़ार नए पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृत की गई है। जबकि चालू वित वर्ष में एक लाख और पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में वर्तमान सरकार के सत्ता में आने से पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर करीब 450 करोड़ रुपये  खर्च किए जा रहे थे, जबकि प्रदेश सरकार द्वारा इस वित्त वर्ष में इस योजना के तहत 1300 करोड़ रुपये की राशि खर्च करने का प्रावधान किया गया है। 

    उन्होंने बताया कि ज़िला कांगड़ा में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में  69 हज़ार नए पात्र लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत शामिल किया गया है। ज़िला में वर्तमान में 1 लाख 36 हज़ार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान करने पर हर वर्ष 231 करोड़ रुपए व्यय किये जा रहे हैं।