किन्नौर, 20 अक्तूबर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने आज किन्नौर के नीचार में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के संकल्प को भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति बताया।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, सुशासन और अंत्योदय की विचारधारा पर आधारित एक सशक्त संगठन है। भाजपा की वास्तविक ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाया जाए तथा मंडल से लेकर जिला स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतरता लाई जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत संगठन को और अधिक सक्रिय, अनुशासित एवं एकजुट बनाना आवश्यक है। किन्नौर का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता, समर्पण और सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।

Leave a Reply