शिमला, 7 अक्टूबर। ऐतिहासिक रिज मैदान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा, संकल्प और विकसित भारत के संदेश का साक्षी बना। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विशेष रंगोली कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने भाग लिया और रंगोली के मध्य दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित ‘सेवा ज्योति’ का संदेश दिया।
रिज मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा को समर्पित आकर्षक रंगोली बनाई गई। रंगोली के चारों ओर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्वलित किए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा आयोजन सेवा संकल्प तथा विकसित भारत के संदेश से जुड़ा रहा।
इस अवसर पर सिद्धार्थन ने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन देश के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शासन की जिम्मेदारी संभाली थी और उसके बाद प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करते हुए शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की यात्रा पूरी की है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के ये 25 वर्ष केवल सत्ता या पद पर बने रहने की यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को समर्पित यात्रा है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत के जिस संकल्प को देश के सामने रखा है, उसे पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक कार्यकर्ता की भागीदारी आवश्यक है।
सिद्धार्थन ने दीप प्रज्वलित करते हुए कहा कि रिज मैदान पर जली यह ज्योति प्रधानमंत्री के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प की प्रतीक है। जिस प्रकार एक दीप अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार सेवा का भाव समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाता है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि इस सेवा ज्योति को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान हित, युवाओं के लिए अवसर, आधारभूत ढांचे के विस्तार और भारत की सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता देने के प्रयास किए गए हैं। आने वाले वर्षों में देश का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी ‘सेवा से संकल्प और संकल्प से विकसित भारत’ के भाव के साथ प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की यात्रा को याद किया। रंगोली और दीपों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा से प्रेरणा लेते हुए कार्यकर्ता समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को और गति देंगे।
सिद्धार्थन ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि “मोदी जी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा का उत्सव तभी सार्थक होगा, जब हम स्वयं भी सेवा को अपने जीवन का संकल्प बनाएं। राष्ट्र प्रथम का भाव लेकर आगे बढ़ें और विकसित भारत के निर्माण में हिमाचल प्रदेश की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करें।”
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
