पंजाब और हिमाचल में भ्रष्टाचार व कानून व्यवस्था को बड़ा चुनावी मुद्दा बनाएगी भाजपा : रणधीर शर्मा

शिमला। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों राज्यों की सरकारें भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों और बिगड़ती कानून व्यवस्था के सवालों से घिरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच लेकर जाएगी।

रणधीर शर्मा ने कहा कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ओएसडी एवं अन्य करीबियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इन आरोपों की जांच सीबीआई से करवाने की मांग को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई थी। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट द्वारा मामले की जांच सीबीआई से करवाने के निर्देश ने इन आरोपों की गंभीरता को और बढ़ा दिया है तथा पंजाब सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चल रही पंजाब सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में विफल रही है। जिस आम आदमी पार्टी ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर राजनीति शुरू की थी, आज उसी की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रणधीर शर्मा ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति भी लगातार चिंताजनक होती जा रही है। पिछले कुछ वर्षों में ड्रग माफिया, खनन माफिया और अन्य आपराधिक तत्वों के बढ़ते प्रभाव ने प्रदेश की जनता की चिंता बढ़ाई है। हाल के दिनों में हुई हत्याओं तथा पुलिसकर्मी की हत्या जैसी घटनाओं ने सरकार की कानून व्यवस्था संभालने की क्षमता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब की तरह हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार भी भ्रष्टाचार के अनेक आरोपों से घिरी हुई है। मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर बिजली बोर्ड, मार्केटिंग बोर्ड और अन्य विभागों के कामकाज को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। भाजपा इन सभी मामलों में जवाबदेही और निष्पक्ष जांच की मांग करती रही है।

रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश की कानून व्यवस्था भी लगातार कमजोर हुई है। प्रदेश में सामने आ रही आपराधिक घटनाओं और सरकार के कामकाज को लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करने के बजाय मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था को प्रमुखता से जनता के सामने रखेगी। भाजपा दोनों सरकारों के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इन सरकारों को सत्ता से बाहर करने के लिए जनसमर्थन जुटाएगी।

Leave a Reply

You missed