शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि लाहौल-स्पीति जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवार के अध्यक्ष चुने जाने के बाद प्रदेश की जनता का राजनीतिक संदेश एक बार फिर स्पष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 12 जिला परिषदों में अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया के बाद 11 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया है और यह कांग्रेस सरकार के कामकाज के प्रति जनता के रुख को दर्शाता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि आज लाहौल-स्पीति जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित ठिनले दिचेन की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति में अध्यक्ष पद का चुनाव लंबे इंतजार के बाद हुआ और अंततः भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने जीत दर्ज की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले से लेकर उपमुख्यमंत्री के गृह जिले तक और शिमला, कांगड़ा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा समर्थित नेतृत्व का उभरना अपने आप में बड़ा राजनीतिक संदेश है। राजधानी शिमला की जिला परिषद में भी भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा, “प्रदेश की जनता ने जिला परिषद चुनावों के माध्यम से कांग्रेस सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है। लाहौल-स्पीति में भी भाजपा समर्थित अध्यक्ष की जीत ने इस संदेश को और मजबूत किया है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं ने जिला परिषदों में अपना नेतृत्व बनाने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया। उन्होंने लाहौल-स्पीति में कांग्रेस पर सत्ता और सरकारी प्रभाव के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इन तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुईं।

डॉ. बिंदल ने कहा, “हम इन परिणामों को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार, उनकी कैबिनेट और कांग्रेस के कामकाज पर जनता के जनमत संग्रह के रूप में देखते हैं। जनता ने पंचायत से जिला परिषद तक अपने मत के माध्यम से अपनी बात रखी है।”

उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनाव स्थानीय निकायों के चुनाव हैं और इनमें जनता ने अपने प्रतिनिधियों को चुनकर भेजा है। भाजपा इन परिणामों को संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए बड़ी जिम्मेदारी के रूप में भी देखती है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा समर्थित निर्वाचित प्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में विकास, जनसेवा और स्थानीय समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में जिला संयोजकों एवं जिला प्रभारियों की नियुक्तियां, संगठन को जिला स्तर पर मिलेगी मजबूती : अभिषेक पटियाल

कांगड़ा में कैप्टन शमशेर सिंह, कुल्लू में ऑनरेरी कैप्टन ज्ञान चंद और लाहौल-स्पीति में ऑनरेरी कैप्टन प्रेम सिंह बने जिला संयोजक

शिमला। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल ने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा के उपरांत पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजकों एवं जिला प्रभारियों की नियुक्तियों की घोषणा की है।

अभिषेक पटियाल ने बताया कि कांगड़ा में कैप्टन शमशेर सिंह, कुल्लू में ऑनरेरी कैप्टन ज्ञान चंद तथा लाहौल-स्पीति में ऑनरेरी कैप्टन प्रेम सिंह को पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रभारियों की भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं। कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर का जिला प्रभारी लेफ्टिनेंट कमांडर अभिषेक पटियाल, ऊना का ब्रिगेडियर आर.के. शर्मा, सुंदरनगर का कमांडेंट विजय जमवाल, हमीरपुर एवं देहरा का सूबेदार कमलेश कुमार तथा पालमपुर का जिला प्रभारी सूबेदार विजय भट्ट को बनाया गया है।

इसी प्रकार सोलन का जिला प्रभारी लीडिंग भगत सिंह, लाहौल-स्पीति का नायक विनोद कुमार, किन्नौर का ऑनरेरी कैप्टन जितेन्द्र कुमार, सिरमौर का सूबेदार मेजर संतराम तोमर, कुल्लू का नायक हीरा लाल ठाकुर तथा चंबा का जिला प्रभारी कैप्टन एम.आर. ठाकुर को नियुक्त किया गया है।

अभिषेक पटियाल ने कहा कि पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के निर्धारण से जिला स्तर पर प्रकोष्ठ की गतिविधियों को और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी। नवनियुक्त पदाधिकारी अपने-अपने जिलों में पूर्व सैनिकों से संवाद और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने सभी नवनियुक्त जिला संयोजकों एवं जिला प्रभारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

You missed