शिमला 5 अक्तूबर, 2026

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां ‘नशे नु ललकार, नौजवानी दी पुकार’ अभियान की टी-शर्ट लॉन्च की। इस अभियान के तहत 9 अक्तूबर, 2026 को नालागढ़ में मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की बुराई से बचाने और उनकी ऊर्जा को खेल, रचनात्मकता तथा अन्य सकारात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने के लिए समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और नशे के दुष्प्रभावों से लोगों को अवगत करवाने के लिए ‘एंटी-चिट्टा अभियान’ के तहत निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नशे के कारोबार पर अंकुश लगाना ही नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सक्रिय और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करना है।
9 अक्तूबर को आयोजित होने वाली मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प का मजबूत संदेश दिया जाएगा तथा नशे के विरुद्ध लड़ाई में युवाओं की सकारात्मक भूमिका को उजागर किया जाएगा।
इस अवसर पर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरदीप सिंह बावा और दून विधानसभा क्षेत्र से विधायक राम कुमार चौधरी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed