हमीरपुर। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश पदाधिकारी बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास, टिप्पर, हमीरपुर में संपन्न हुई। बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, प्रदेश सह प्रभारी दर्शना सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, पायल वैद्य सहित प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों तथा आने वाले समय की संगठनात्मक कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस बार हिमाचल में बदलेगा रिवाज : श्रीकांत शर्मा
भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्षों से चला आ रहा “एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा” का रिवाज इस बार बदलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और जनता के आशीर्वाद से हिमाचल में संगठन को इतना सशक्त बनाने की दिशा में काम करेगी कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में हिमाचल मजबूती से भागीदार बने।
शर्मा ने कहा, “हिमाचल में इस बार रिवाज बदलेगा। एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा का रिवाज टूटेगा। भारतीय जनता पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी और संगठन प्रत्येक सीट पर जीत के लक्ष्य के साथ काम करेगा।”
उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि वैज्ञानिक रणनीति, मजबूत बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और संगठनात्मक नेटवर्क के आधार पर भाजपा 2027 की तैयारी करेगी।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि प्रदेश के 8007 बूथों पर संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है। प्रत्येक बूथ पर संगठन की सक्रियता ही प्रदेश में रिवाज बदलने के संकल्प को मजबूती देगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में सशक्त नेतृत्व है। अनुच्छेद 370 हटाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने राष्ट्रीय हित के बड़े निर्णय लेने की राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाई है।
