शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने 16वें वित्त आयोग के तहत हिमाचल प्रदेश की पंचायती राज संस्थाओं के लिए 3744 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार एवं पंचायती राज मंत्रालय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंचायतों को सशक्त बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। प्रदेश में 3650 से अधिक ग्राम पंचायतें हैं, ऐसे में इस धनराशि से औसतन प्रत्येक पंचायत के हिस्से में एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि आती है, जिससे गांवों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होंगे और पंचायतों के सर्वांगीण विकास को गति मिलेगी।
जय राम ठाकुर ने कहा कि 15वें वित्त आयोग के तहत हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए 2102 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया था, जबकि 16वें वित्त आयोग के तहत यह राशि बढ़कर 3744 करोड़ रुपये हो गई है, जो पिछली राशि की तुलना में लगभग 78.1 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि यह वृद्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि केंद्र से प्राप्त इस धनराशि का पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सदुपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका अधिकतम लाभ प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों और आम जनता को मिल सके।
