शिमला 21 सितम्बर, 2026

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां ड्रग तस्करी के खिलाफ प्रभावी और ठोस कार्रवाई करने तथा मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से अवैध रूप से खरीदी गई लगभग 4.13 करोड़ रुपये की संपत्तियों की पहचान कर जब्त करने के लिए किए गए प्रयासों के लिए शिमला पुलिस की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल तस्करों की गिरफ्तारी और मादक पदार्थों को जब्त करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि अवैध ड्रग कारोबार को बढ़ावा देने वाले वित्तीय नेटवर्क को भी खत्म करना आवश्यक है। उन्होंने एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत शिमला पुलिस द्वारा की गई वित्तीय जांच और अन्य कार्रवाई की भी सराहना की।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस ने 15 एनडीपीएस मामलों में 68 आरोपियों और उनके सहयोगियों से संबंधित 12.52 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियां जब्त की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और ड्रग तस्करों तथा उनके नेटवर्क को खत्म करने के लिए कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। राज्य सरकार इसके लिए पुलिस और अन्य संबंधित एजेंसियों को हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने पुलिस से ड्रग माफिया और अवैध ड्रग कारोबार की आर्थिक नींव को कमजोर करने के लिए इसी तरह की केंद्रित कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

You missed