शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% जीडीपी वृद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में देश की वास्तविक जीडीपी ₹81.36 लाख करोड़ रही, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह ₹75.46 लाख करोड़ थी। नॉमिनल जीडीपी में भी 10.3% की वृद्धि दर्ज हुई है। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की अर्थव्यवस्था का इतनी तेज गति से आगे बढ़ना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पहली तिमाही में रियल जीवीए में 8.2%, सेकेंडरी सेक्टर में 8.6% और सर्विस सेक्टर में 10% की वृद्धि हुई है। वहीं ग्रॉस फिक्स्ड कैपिटल फॉर्मेशन में 11.9% और निजी अंतिम उपभोग व्यय में 7.1% की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था का प्रमाण हैं। मोदी के करिश्माई नेतृत्व में देश आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की मजबूत नींव तैयार हो रही है।
