शिमला : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आज कांग्रेस की उन दस गारंटियों को चार साल पूरे हो गए हैं, जिनके नाम पर कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में हिमाचल की जनता को ठगा और सत्ता हासिल की। चुनाव के समय कांग्रेस ने घर-घर जाकर गारंटियों के प्रपत्र भरवाए, चौक-चौराहों पर खड़े होकर बड़े-बड़े दावे किए और सत्ता में आते ही हर गारंटी पूरी करने की कसमें खाईं लेकिन सत्ता मिलते ही कांग्रेस ने जनता को उसके हाल पर छोड़ दिया। जिस कांग्रेस ने चुनाव के समय गारंटियों का ढिंढोरा पीटा था, आज उसके नेता इन गारंटियों का नाम लेने से भी बच रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए चार साल होने वाले हैं, लेकिन दस में से कितनी गारंटियां पूरी हुईं, इसका जवाब देने की हिम्मत मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं में नहीं है। महिलाओं को 1500 रुपये, पांच लाख नये रोजगार, 300 यूनिट मुफ्त बिजली, किसानों से गोबर खरीद और युवाओं के लिए स्टार्टअप जैसी गारंटियों का क्या हुआ, मुख्यमंत्री प्रदेश की जनता को इसका हिसाब दें। सरकार हर बार झूठ बोलकर अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास करती है, लेकिन अब जनता कांग्रेस के झूठ को अच्छी तरह समझ चुकी है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का चार साल का कार्यकाल अब झूठ, वादाखिलाफी और निकम्मेपन की पहचान बन चुका है। कांग्रेस ने सत्ता पाने के लिए हिमाचल की जनता से छल किया और अब अपने ही वादों से भाग रही है। मुख्यमंत्री नए-नए दावे करने के बजाय पहले अपनी दस गारंटियों का हिसाब दें। हिमाचल की जनता कांग्रेस की इस वादाखिलाफी को भूलेगी नहीं और आने वाले विधानसभा चुनाव में झूठी गारंटियों का पूरा हिसाब करेगी।

Leave a Reply

You missed