शिमला, 25 अगस्त। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऊना जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीर निगाह के समीप श्रद्धालुओं से भरे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हरियाणा से पीर निगाह में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं के साथ हुआ यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं घायलों एवं उनके परिजनों के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग को सभी घायलों के उपचार के लिए हर संभव व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को आवश्यकता के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने तथा उनके उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्राप्त जानकारी के अनुसार पीर निगाह मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई में श्रद्धालुओं को ले जा रहा मालवाहक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों, राहगीरों और अन्य श्रद्धालुओं द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया गया। उन्होंने संकट की इस घड़ी में सहायता के लिए आगे आए सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
जगत प्रकाश नड्डा, डॉ. राजीव बिंदल और जयराम ठाकुर ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए उनकी सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। पीर निगाह मार्ग पर पूर्व में भी मालवाहक वाहनों से जुड़े हादसों की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने कहा, “हम ईश्वर से सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हैं। प्रशासन घायलों एवं उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाए।”
