नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा विधायकों पर राष्ट्रगान के अपमान के लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में राष्ट्रगान के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्य पूरे सम्मान के साथ खड़े रहे और राष्ट्रगान में शामिल हुए। इसके बाद विपक्ष ने वंदे मातरम् के गायन की मांग उठाई थी।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल पिछले तीन दिनों से विधानसभा की उस कार्यवाही का वीडियो मांग रहा है। विधानसभा अध्यक्ष से भी इस संबंध में मुलाकात की गई है और विपक्ष के सभी विधायकों ने विधानसभा सचिव को लिखित रूप से वीडियो उपलब्ध करवाने की मांग की है, लेकिन अभी तक वीडियो उपलब्ध नहीं करवाया गया।

जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि कांग्रेस के आरोपों में सच्चाई है तो विधानसभा की कार्यवाही का पूरा वीडियो सार्वजनिक किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मामले में कानूनी विकल्पों का भी परीक्षण कर रही है और आवश्यकता पड़ने पर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने से भी पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने कहा कि इसी विषय पर अपना स्पष्ट संदेश देने के लिए भाजपा विधायक दल ने सदन न होने के दिन महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्रित होकर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया है। यह कार्यक्रम प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश देने के लिए आयोजित किया गया कि राष्ट्रगीत के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।

जनहित के सवालों से बचना चाहती है कांग्रेस सरकार : जयराम

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा चाहती है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय पांच वर्षों में पांच लाख रोजगार और प्रतिवर्ष एक लाख नौकरियां देने की गारंटी दी थी। भाजपा इस गारंटी की वास्तविक स्थिति पर सरकार से जवाब चाहती है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रश्नकाल चलाने और सदन की कार्यवाही में पूर्ण सहयोग देने की बात कही है, लेकिन प्रदेश में पहली बार ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है कि विपक्ष सदन चलाना चाहता है और सत्ता पक्ष के विधायक तथा मंत्री स्वयं नारे लगाते हुए सदन से बाहर जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बेरोजगारी, रोजगार की गारंटी, प्रदेश की आर्थिक स्थिति और अन्य जनहित के विषयों पर जवाब देने से बच रही है। विपक्ष अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हुए इन मुद्दों को सदन में उठाना चाहता है, लेकिन सत्ता पक्ष चर्चा से बचने का प्रयास कर रहा है।

‘रंग दे बसंती चोला’ से देशभक्ति के रंग में रंगा रिज मैदान

धरने के दौरान पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ‘रंग दे बसंती चोला’ सहित देशभक्ति के गीतों से कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा विधायक और कार्यकर्ता भी देशभक्ति के गीतों में उत्साहपूर्वक शामिल हुए और रिज मैदान राष्ट्रभक्ति के नारों एवं गीतों से गूंज उठा।

इस अवसर पर भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर, राकेश जमवाल, त्रिलोक जमवाल, सुधीर शर्मा, आशीष शर्मा और पवन काजल सहित भाजपा विधायक दल के सदस्य तथा पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक वंदे मातरम् गायन में भाग लेकर राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और श्रद्धा व्यक्त की।

Leave a Reply