शिमला, 17 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश बैठक रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय, दीपकमल चक्कर, शिमला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। बैठक में भाजपा के 25 विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजकों एवं सह-संयोजकों ने भाग लिया।
बैठक में भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया तथा प्रदेश सह-संयोजक राजपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम् एवं अतिथि सत्कार के साथ हुई, जिसके बाद सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों का पूर्ण परिचय हुआ। प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने स्वागत भाषण एवं अभिनंदन करते हुए बैठक की रूपरेखा रखी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक प्रकोष्ठ संगठन और समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय होने वाला राजनीतिक दल नहीं, बल्कि वर्ष के 365 दिन समाज के बीच रहकर कार्य करने वाला संगठन है। पार्टी के प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को समझें और संगठन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के कुल 25 प्रकोष्ठों में विधि प्रकोष्ठ, खेल प्रकोष्ठ, पर्यटन प्रकोष्ठ, देव समाज प्रकोष्ठ, ट्रांसपोर्ट प्रकोष्ठ, चुनाव प्रकोष्ठ सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित प्रकोष्ठ शामिल हैं। इन प्रकोष्ठों के माध्यम से समाज के अधिवक्ताओं, खिलाड़ियों, पर्यटन कारोबारियों, देव समाज, परिवहन क्षेत्र से जुड़े लोगों सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं सामाजिक वर्गों तक संगठन की पहुंच को और मजबूत किया जाएगा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हर प्रकोष्ठ अपने क्षेत्र का विशेषज्ञ समूह है। इसलिए प्रकोष्ठों की भूमिका केवल संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें अपने क्षेत्र से जुड़े विषयों का अध्ययन करते हुए जनसमस्याओं पर प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए। केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नीतियों को संबंधित वर्गों तक पहुंचाने में भी प्रकोष्ठ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकोष्ठ को प्रदेश से लेकर जिला और मंडल स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी। संगठन की शक्ति तभी बढ़ती है जब समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता संगठन में सुनिश्चित हो। आने वाले समय में सभी प्रकोष्ठ अपने-अपने क्षेत्र में बैठकें, संवाद कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की विचारधारा एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ेंगे।
डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों के कारण समाज के विभिन्न वर्गों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश के कर्मचारी, युवा, किसान-बागवान, व्यापारी, पर्यटन कारोबारी, ट्रांसपोर्टर और अन्य वर्गों से जुड़े मुद्दों को भाजपा के संबंधित प्रकोष्ठ मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर वास्तविक परिस्थितियों का अध्ययन करें और तथ्यात्मक रूप से जनहित के विषयों को संगठन के मंच पर लेकर आएं।
उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य “संगठन के माध्यम से समाज और समाज के माध्यम से राष्ट्र सेवा” है। प्रत्येक प्रकोष्ठ को इसी भावना के साथ कार्य करते हुए पार्टी के संगठनात्मक विस्तार में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में सभी प्रकोष्ठों के कार्यों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को आगामी कार्ययोजना के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए और आपसी समन्वय को और मजबूत करने पर बल दिया गया।
बैठक के अंत में भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश सह-संयोजक राजपाल सिंह ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके उपरांत सामूहिक भोज आयोजित किया गया।
