शिमला। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। डॉ. सिकंदर कुमार ने इस मुलाकात को अत्यंत सार्थक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के साथ हिमाचल प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों, सामाजिक-आर्थिक विषयों, प्रदेश के विकास तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को हिमाचल प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों से विस्तारपूर्वक अवगत करवाया। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पैदा हुई राजनीतिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों तथा प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के साथ विशेष लगाव रहा है और बातचीत के दौरान भी देवभूमि के विकास और जनता के हितों के प्रति उनकी चिंता स्पष्ट दिखाई दी।
केंद्र की बड़ी परियोजनाएं बदलेंगी हिमाचल की तस्वीर : सिकंदर कुमार
सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, सड़क और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं दी हैं। मुलाकात के दौरान इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति और इन्हें तेजी से आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि ऊना के बल्क ड्रग पार्क, नालागढ़ के मेडिकल डिवाइस पार्क, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, आईआईटी मंडी, ट्रिपल आईटी ऊना और केंद्रीय विद्यालयों सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाएं हिमाचल के भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनसे न केवल प्रदेश में आधारभूत ढांचा मजबूत होगा, बल्कि युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के समक्ष हिमाचल की सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। कीरतपुर-नेरचौक, शिमला-मटौर, पठानकोट-मंडी और पिंजौर-नालागढ़ जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग एवं फोरलेन प्रोजेक्ट प्रदेश की आर्थिक प्रगति, पर्यटन और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसी प्रकार भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी तथा चंडीगढ़-बद्दी रेल परियोजनाओं से प्रदेश में रेल नेटवर्क के विस्तार को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण केंद्रीय परियोजनाओं को शीघ्रता से आगे बढ़ाने और संबंधित स्तर पर काम में तेजी लाने को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिला है।
आपदा की घड़ी में हिमाचल के साथ मजबूती से खड़ी है मोदी सरकार
राज्यसभा सांसद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हालिया भारी बारिश, बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर भी प्रधानमंत्री से चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों और लोगों के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहे हिमाचल के पुनर्निर्माण, क्षतिग्रस्त आधारभूत ढांचे की बहाली और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए केंद्र सरकार का सहयोग प्रदेश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार पहले भी संकट की प्रत्येक घड़ी में हिमाचल के साथ खड़ी रही है और आगे भी प्रदेश को पूरा सहयोग मिलता रहेगा।
हिमाचल को भविष्य में भी मिलेंगी विकास की नई सौगातें
. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। आने वाले समय में प्रदेश के विकास से संबंधित नई परियोजनाओं और संभावनाओं को आगे बढ़ाने को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य हिमाचल को सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में और अधिक मजबूत बनाना है।
प्रधानमंत्री को भेंट की स्व-रचित पुस्तक
इस अवसर पर सांसद प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने अपनी स्व-रचित पुस्तक ‘मोदी युग में भारत का आर्थिक सशक्तिकरण’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने पुस्तक को सहर्ष स्वीकार करते हुए उनके प्रयास की सराहना की और उन्हें बधाई दी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल के प्रति स्नेह और मार्गदर्शन सदैव प्रदेश को नई ऊर्जा देता है। उन्होंने देवभूमि हिमाचल के समग्र उत्थान, विकास परियोजनाओं को गति देने और आपदा की इस कठिन घड़ी में प्रदेश को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रधानमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
