शिमला, भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल ने सुजानपुर में भाजपा विधायक सुधीर शर्मा और पूर्व विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजेंद्र राणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार अब पूरी तरह “एफआईआर की सरकार” बन चुकी है। सरकार के खिलाफ कोई आवाज उठाए, उसकी नाकामियों पर सवाल करे या जनता की समस्याओं को सामने रखे तो राजनीतिक जवाब देने के बजाय पुलिस और एफआईआर को आगे कर दिया जाता है।

कटवाल ने कहा कि समाचारों के अनुसार मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर सुधीर शर्मा और राजेंद्र राणा के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। आरोपों की जांच कानून के अनुसार होनी चाहिए, लेकिन जिस प्रकार विपक्षी नेताओं के खिलाफ लगातार मुकदमों की राजनीति देखने को मिल रही है, उससे सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार पुलिस और प्रशासन का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए कर रही है।

उन्होंने कहा कि “कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से भाजपा का मुकाबला करने से डरती है, इसलिए बार-बार पुलिस को आगे करती है।” लोकतंत्र में सरकार की आलोचना करना और उसकी नीतियों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार और दायित्व दोनों है। असहमति का जवाब एफआईआर से देना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित परंपरा नहीं है।

संजीव कटवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार का पूरा कार्यकाल राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित दिखाई दे रहा है। कभी भाजपा नेताओं, कभी विधायकों और कभी सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कानूनी कार्रवाई के माध्यम से दबाने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार जितने चाहे मुकदमे दर्ज करवा ले, भाजपा जनता से जुड़े मुद्दे उठाना बंद नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार से जवाब चाहती है। हत्या, नशा तस्करी, चिट्टा, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार अपराध पर अंकुश लगाने में विफल है और प्रदेश में अपराधियों के नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई के बजाय राजनीतिक विरोधियों पर ऊर्जा खर्च कर रही है। उन्होंने इसे कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली में पनप रहे “क्राइम सिंडिकेट” का गंभीर संकेत बताते हुए निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।

कटवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार को समझना चाहिए कि एफआईआर से राजनीतिक सवाल समाप्त नहीं होते और पुलिस के सहारे जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से सरकार की विफलताओं, जनविरोधी नीतियों और जनता से किए गए अधूरे वादों को लगातार उठाती रहेगी।

Leave a Reply