शिमला 6 अगस्त, 2026

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज नगर निगम शिमला के ‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान के अंतर्गत अपने आधिकारिक निवास ‘ओक ओवर’ परिसर में पौधारोपण कर सप्ताह भर चलने वाले पौधरोपण सप्ताह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण योगदान होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम शिमला के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे भी वितरित किए।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम शिमला ने अभियान के तहत 5,000 से 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह इस पहल का तीसरा वर्ष है। पिछले वर्ष नगर निगम ने चमियाना पहाड़ी क्षेत्र को गोद लेकर वहां लगभग 3,000 पौधे लगाए थे। इस वर्ष भी इसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाए जाएंगे। पिछले वर्ष लगाए गए पौधों की जीवित रहने की दर अत्यंत उत्साहजनक रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री भी विभिन्न पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लेंगे और जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

You missed