भाजपा सरकार में नीलाम हुए भर्ती पेपर, लाखों युवाओं के साथ हुआ धोखाः कांग्रेस
वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआः कांग्रेस
नड्डा के झूठ पर बरसे धनी राम शांडिल और चन्द्र कुमार

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल तथा कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। आज यहां जारी एक बयान में दोनों मंत्रियों ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती पेपरों की मंडी सजी हुई थी और उस मंडी में पेपर खुलेआम नीलाम होते थे, जबकि तत्कालीन मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर सोए रहे। उन्होंने कहा कि जय राम सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ और हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग में खुलेआम भर्ती पेपरों की नीलामी होती रही, लेकिन एक भी दोषी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और अपने चहेतों को नौकरियां बांटी।
धनी राम शांडिल और चन्द्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और ईमानदारी में विश्वास रखती है तथा मेरिट के आधार पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग को भंग कर उसके स्थान पर राज्य चयन आयोग का गठन किया। उन्होंने कहा कि राज्य चयन आयोग के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती परीक्षाएं आयोजित करवाई जा रही हैं और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
दोनों मंत्रियों ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा द्वारा हिमाचल के संदर्भ में पेपर लीक का मुद्दा उठाना भाजपा सरकार के पापों की याद दिलाता है, क्योंकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि तथ्यों के विपरीत बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जय राम सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक के सारे रिकॉर्ड टूटे और बेरोजगार युवाओं के साथ छल हुआ।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश के विभिन्न हिस्सों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए हैं। हाल ही में नीट परीक्षा से जुड़े विवादों ने भी देशभर के करोड़ों विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता पैदा की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करनी चाहिए। युवाओं पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं की आवाज को केंद्र सरकार दबाने का प्रयास कर रही है। इसी कारण उन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया और प्रदर्शन में शामिल लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

Leave a Reply

You missed