शिमला 11 जुलाई, 2026
जल शक्ति विभाग द्वारा 40 कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता (सिविल) के पद पर पदोन्नत किया गया है। विभाग के प्रधान सचिव डॉ. अभिषेक जैन ने कहा कि 08 जुलाई, 2026 को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक में पात्र कनिष्ठ अभियंताओं को सहायक अभियंता (सिविल) के स्वीकृत रिक्त पदों पर पदोन्नत करने की अनुशंसा की गई थी।
उन्होंने बताया कि इनमें डिप्लोमा धारक श्रेणी से 22 तथा स्नातक/एएमआईई श्रेणी से 18 कनिष्ठ अभियंताओं के नाम शामिल हैं। श्रेणीवार अनुशंसित पदोन्नतियों में सामान्य वर्ग के 21, अन्य पिछड़ा वर्ग के 6, अनुसूचित जाति के 9 तथा अनुसूचित जनजाति के 4 अधिकारी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, 12 कनिष्ठ अभियंताओं को एसडीओ के पदों पर पदोन्नत किया गया है। यह पदोन्नतियां निकट भविष्य में रिक्त होने वाले एसडीओ के पदों के विरुद्ध की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन पदोन्नतियों से विभाग की प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी पदों पर अनुभवी अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और अधिक सुदृढ़ बनेगी।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग प्रदेश में पेयजल आपूर्ति, सिंचाई एवं जल संसाधनों के विकास, संचालन और रख-रखाव का कार्य करता है। विभाग प्रदेश के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारू सेवाएं उपलब्ध करवाने मे महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। यह पदोन्नतियां उच्च न्यायालय में दाखिल विभिन्न याचिकाओं पर न्यायालय के अंतिम निर्णय के आधार पर प्रभावी होंगी।
उन्होंने कहा कि इन पदोन्नतियों के माध्यम से विभाग अपनी संस्थागत क्षमता को और मजबूत करने तथा प्रदेश के लोगों को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को और सशक्त करेगा।
