भाजपा कोर ग्रुप का निर्णय: कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाएगी भाजपा
शिमला। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित कोर ग्रुप के सभी सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, हाल ही में हुए पंचायती राज एवं शहरी निकाय चुनावों के परिणामों तथा आगामी संगठनात्मक एवं जनआंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा कोर ग्रुप ने सर्वप्रथम हिमाचल प्रदेश की जनता और मतदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पंचायती राज संस्थाओं और नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को व्यापक समर्थन एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल से पूरी तरह निराश है और उसने जनविरोधी तथा प्रदेश विरोधी नीतियों के विरुद्ध अपना जनादेश दिया है।
उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान कांग्रेस सरकार ने विभिन्न स्तरों पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव टालने के प्रयास किए, लेकिन न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद चुनाव संपन्न हुए। उन्होंने कहा कि आज भी स्थिति यह है कि 12 जिला परिषदों में से केवल 6 में ही अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव हो पाए हैं। डेढ़ से दो महीने बीत जाने के बावजूद शेष जिला परिषदों में चुनाव नहीं कराए गए हैं। इसके बावजूद जिन छह जिला परिषदों में चुनाव हुए, वहां सभी स्थानों पर भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि पांच जिला परिषदों में तो कांग्रेस अपने प्रत्याशी तक खड़े नहीं कर सकी, जो उसकी राजनीतिक स्थिति को दर्शाता है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी कांग्रेस की स्थिति अत्यंत कमजोर रही और वहां भी भाजपा समर्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद जीतकर यह सिद्ध कर दिया कि जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी के साथ है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम केवल चुनावी जीत नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के विरुद्ध जनता का स्पष्ट जनमत और जनादेश है।
उन्होंने बताया कि भाजपा कोर ग्रुप ने निर्णय लिया है कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाया जाएगा। इसके लिए सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार की जाएगी और उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा।
