उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज यहां आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी को मिले व्यापक जनसमर्थन पर प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनहितकारी कार्यों, विकासोन्मुख नीतियों तथा व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में उठाए गए ऐतिहासिक कदमों पर जनता की स्पष्ट मुहर है।
उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सत्ता संभालते ही स्पष्ट कर दिया था कि सरकार केवल शासन चलाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से कार्य करेगी। बीते साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन, युवाओं के लिए स्वरोजगार योजनाओं का विस्तार, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा शिक्षा क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लेकर जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है।
उप-मुख्य सचेतक ने कहा कि सरकार ने राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान किया है। इसके अतिरिक्त दुग्ध उत्पादकों के हित में गाय और भैंस के दूध के समर्थन मूल्य में वृद्धि कर किसानों और पशुपालकों को आर्थिक मजबूती प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा आरंभ करना भी सरकार का दूरदर्शी एवं महत्त्वपूर्ण निर्णय है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं।  विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक मशीनें स्थापित की गई और अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
केवल सिंह पठानिया ने जिला कांगड़ा में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हवाई अड्डा विस्तार, पर्यटन विकास, जिप लाइन परियोजना तथा अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाएं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश भर में शानदार प्रदर्शन किया है। अनेक नगर परिषदों एवं नगर पंचायतों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों और विकास कार्यों से संतुष्ट है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम आगामी जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति चुनावों के लिए भी सकारात्मक संकेत हैं।
उप-मुख्य सचेतक ने कहा कि कठिन आर्थिक परिस्थितियों और केंद्र सरकार से वित्तीय चुनौतियों के बावजूद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश के विकास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को निरंतर जारी रखा है। सरकार ने कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों, महिलाओं तथा युवाओं के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है।
उन्होंने प्रदेश के अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन, निर्वाचन अधिकारियों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग, समर्पण एवं निष्पक्ष कार्यशैली के कारण लोकतंत्र का यह महापर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में मिला जनादेश इस बात का स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार की विकासात्मक सोच और जनकल्याणकारी नीतियों के साथ मजबूती से खड़ी है।

Leave a Reply