मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर चलने का संदेश, 26 मार्च को राम मंदिर में यज्ञ व भंडारा
शिमला, सूद सभा शिमला की कार्यकारिणी द्वारा श्री राम नवमी उत्सव 2026 के अंतर्गत भव्य शोभा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिसका अनुभव अत्यंत अलौकिक और भक्तिमय रहा। सुबह के समय शिमला की वादियों में जब “जय श्री राम” के उद्घोष गूंजे और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूम उठे, तो पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। प्रभु श्रीराम की शरण में प्राप्त होने वाली मानसिक शांति और आनंद ने सभी को भावविभोर कर दिया।
यह शोभा यात्रा राम मंदिर गंज बाजार से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा साहिब, गंज बाजार, लोअर बाजार और मॉल रोड से होते हुए पूरे शहर में धूमधाम से निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सूद सभा के अध्यक्ष राजीव सूद ने की, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजीव सूद ने कहा कि यह अत्यंत हर्ष और संयोग का विषय है कि जिस ऐतिहासिक तिथि से राम मंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा का संबंध रहा है, उसी तिथि पर इस वर्ष राम नवमी का पर्व आना इसे और भी शुभ एवं विशेष बनाता है। उन्होंने बताया कि राम उत्सव की शुरुआत नवरात्रों के प्रथम दिवस से ही कर दी गई थी, जिसमें माता काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के मंदिर में आने का निमंत्रण दिया गया।
उन्होंने बताया कि राम मंदिर में इन दिनों मूल पाठ एवं राम कथा का आयोजन निरंतर चल रहा है, जिसमें आचार्य प्रेम जी द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक विभिन्न प्रसंगों का वाचन किया जा रहा है। साथ ही 26 मार्च को राम मंदिर में यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
नगर कीर्तन एवं शोभा यात्रा की परंपरा समाज में एकता, संगठन और श्रीराम के आदर्शों — सत्य, मर्यादा और अनुशासन — का संदेश देती है। यह आयोजन प्रशासन की अनुमति के साथ संपन्न हुआ, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र, सामाजिक संस्थाएं और भजन मंडलियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
यात्रा के दौरान गुरुद्वारा साहिब सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने माथा टेककर सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। अंत में राजीव सूद ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन आयोजनों में भाग लें और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।
