पैट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर सचिव पैट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर बताया गया कि भारत सरकार शीघ्र ही पिछली लागत के अनुरूप 20 प्रतिशत व्यावसायिक गैस सिलेंडर जारी करने जा रही है। मिट्टी तेल का भी पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है ताकि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को ईंधन की समस्या का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने आज यहां यह जानकारी देते हुए कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सर्वर पर बुकिंग की व्यवस्था आज रात से शुरू हो जाएगी। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे केवल एक बार ही गैस बुकिंग करें ताकि सर्वर पर लोड न पड़े। प्रदेश में सभी परिवारों को मिट्टी तेल देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके तहत जिला में दो या तीन डीलर नियुक्त किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने के लिए प्रत्येक जिले में टीमों का गठन किया गया है जो स्वतः व शिकायत प्राप्त होने पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि कालाबाजारी व जमाखोरी से संबंधित शिकायत के लिए विभागीय टोल फ्री नंबर 1967 और 1100 पर सम्पर्क करें। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस आपूर्ति में कोई भी व्यवधान नहीं है, इसकी सुचारू आपूर्ति की जा रही है।

Leave a Reply