“चोर की दाढ़ी में तिनका” — सवाल उठते ही कांग्रेस क्यों बौखला रही है?

शिमला,

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने राज्यसभा सदस्य अनुराग शर्मा की संपत्ति को लेकर सामने आए सवालों पर कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले में सच्चाई का सामना करने के बजाय भ्रम फैलाने और मुद्दे से ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जब किसी जनप्रतिनिधि के हलफनामे और संपत्ति के विवरण को लेकर गंभीर सवाल उठते हैं तो उसका पारदर्शी और तथ्यात्मक जवाब देना लोकतंत्र की जिम्मेदारी होती है। लेकिन कांग्रेस के नेताओं का रवैया ऐसा है मानो “चोर की दाढ़ी में तिनका” हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता लगातार सवालों से बचने के लिए भाजपा पर ही आरोप लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जनता सच्चाई जानना चाहती है।

उन्होंने कहा कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार हलफनामे में दर्ज संपत्ति के आंकड़ों को लेकर कई प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं और यह भी बताया जा रहा है कि कुल संपत्ति 22 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। ऐसे में कांग्रेस द्वारा बार-बार यह कहना कि प्रत्याशी एक “आम कार्यकर्ता” है, जनता की समझ का अपमान है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बयान खुद आपस में विरोधाभासी हैं। एक तरफ वे सवालों को झूठा प्रचार बता रहे हैं, दूसरी ओर पूरे मामले पर स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सब कुछ स्पष्ट और सही है तो कांग्रेस को खुलकर सामने आकर तथ्य रखने चाहिए, ताकि जनता के मन में उठ रहे संदेह दूर हो सकें।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पहले ही पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर कई प्रश्न उठ चुके हैं। अब राज्यसभा चुनाव से जुड़े इस मामले में भी जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उससे प्रदेश की राजनीति में गंभीर चर्चा शुरू हो गई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि लोकतंत्र में पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए। इसलिए इस पूरे मामले में सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच और स्पष्टता जरूरी है, ताकि जनता के सामने सच्चाई आ सके।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस को यह समझना होगा कि सवाल उठाने से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन सवालों से भागने से संदेह और बढ़ते हैं। भाजपा प्रदेश की जनता के हितों और पारदर्शिता के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply