HPMC की खरीद पर सवाल, किसानों को परेशान कर घोटाले पर पर्दा डाल रही है सरकार : भाजपा

शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने हिमाचल प्रदेश सरकार की मंडी मध्यस्थता योजना (MIS) में सामने आ रही गंभीर अनियमितताओं और फर्जीवाड़े की आशंकाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक चूक का नहीं, बल्कि किसानों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग और संभावित बड़े घोटाले की ओर इशारा करता है। यह पूरी तरह से कांग्रेस सरकार का बड़ा फेलियर है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि सरकारी उपक्रम बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (HPMC) द्वारा MIS के तहत सेब की खरीद में प्रिक्योरमेंट असिस्टेंट स्तर पर गड़बड़ी सामने आना अत्यंत गंभीर विषय है। रोहड़ू के चिड़गांव खरीद केंद्र में अनियमितताओं के बाद एफआईआर दर्ज होना इस बात का प्रमाण है कि मामला केवल संदेह का नहीं, बल्कि ठोस गड़बड़ी का है। जब अन्य खरीद केंद्रों में भी अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है, तो यह साफ है कि पूरा सिस्टम सवालों के घेरे में है।

उन्होंने कहा कि गड़बड़ी सामने आने के बाद HPMC द्वारा SDM और तहसीलदार की अध्यक्षता में कमेटियां गठित करना यह दर्शाता है कि सरकार पहले से चली आ रही लापरवाही और विफल निगरानी को अब ढकने की कोशिश कर रही है। सवाल यह उठता है कि जब सेब की खरीद चल रही थी, तब इन कमेटियों की जरूरत क्यों नहीं पड़ी? अब रिपोर्टों का इंतजार कर सरकार समय निकालने का प्रयास कर रही है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि MIS की पेमेंट के लिए बागवानों से आधार कार्ड, उद्यान कार्ड और जमीन के दस्तावेज अनिवार्य करना किसानों के साथ सीधा अन्याय है। जब उद्यान कार्ड में पहले ही जमीन, बागवानी क्षेत्र और उत्पादन से जुड़ी समस्त जानकारी दर्ज है, तो बार-बार दस्तावेज मांगकर किसानों को शक के दायरे में क्यों लाया जा रहा है? यह स्पष्ट संकेत है कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए अब ईमानदार बागवानों को परेशान कर रही है।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि इस वर्ष MIS के तहत 98,500 मीट्रिक टन से अधिक सेब की खरीद ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 2023 में, जब आपदा और प्राकृतिक नुकसान इससे कहीं अधिक था, तब लगभग 80 हजार मीट्रिक टन सेब खरीदा गया था। इस बार पैदावार लगभग समान होने के बावजूद रिकॉर्ड खरीद होना अपने आप में संदेहास्पद है। सरकार का यह तर्क कि सड़कों के बंद होने के कारण सेब खराब हुआ और किसानों ने HPMC को दिया, किसी भी तरह से तर्कसंगत नहीं लगता।

उन्होंने कहा कि मानसून सीजन में सड़कों के लंबे समय तक बंद रहने की आड़ में कई खरीद केंद्रों पर अनियमितताएं की गईं। सूत्रों के अनुसार, जितना सेब वास्तव में खरीदा गया, उससे कहीं अधिक का बिल तैयार किया गया। कई क्षेत्रों में वास्तविक उत्पादन से कहीं ज्यादा सेब की एंट्री दर्शाई गई, जबकि परिवहन की स्थिति ही संभव नहीं थी। यह पूरे MIS सिस्टम में संगठित गड़बड़ी की ओर संकेत करता है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि HPMC के अनुसार इस वर्ष लगभग 40 हजार बागवानों ने MIS योजना के तहत सेब दिया है और लगभग 115 करोड़ रुपये की खरीद की गई है। इतने बड़े स्तर पर एफआईआर दर्ज होना यह दर्शाता है कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

संदीपनी भारद्वाज ने बागवानी मंत्री के बयानों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था, तो एफआईआर दर्ज करने की जरूरत क्यों पड़ी? यदि केवल एक-दो केंद्रों पर ही गड़बड़ी थी, तो पूरे प्रदेश के बागवानों से दस्तावेज क्यों मंगवाए जा रहे हैं? यह किसानों को डराने और दबाव में लेने की कोशिश है।

उन्होंने मांग की कि MIS योजना के अंतर्गत हुई पूरी खरीद की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और समयबद्ध जांच करवाई जाए, दोषी अधिकारियों और प्रिक्योरमेंट असिस्टेंट्स पर कड़ी कार्रवाई की जाए तथा ईमानदार बागवानों को तुरंत राहत दी जाए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार ने इस मामले को दबाने या लीपापोती करने का प्रयास किया, तो भाजपा किसानों के हित में सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।

VB-GRAM G जन जागरण अभियान के तहत 9 से 14 जनवरी तक प्रदेश भर में जिला स्तरीय प्रेस वार्ताएं

ग्रामीण रोजगार और पारदर्शिता के मुद्दे पर भाजपा करेगी कांग्रेस के भ्रम का पर्दाफाश : कर्ण नंदा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश के मीडिया विभाग द्वारा VB-GRAM G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आत्मनिर्भर भारत आजीविका मिशन – ग्रामीण) जन जागरण अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रेस वार्ताओं का तिथि-वार कार्यक्रम जारी किया गया है। यह जानकारी भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के संयोजक कर्ण नंदा ने दी।

उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 09 जनवरी 2026 को प्रदेश के विभिन्न जिलों से होगी।

09 जनवरी 2026 को सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता को सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद, प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज तथा जिला अध्यक्ष रतन सिंह पाल उपस्थित रहेंगे।

इसी दिन देहरा में विधायक विक्रम ठाकुर प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मीडिया सह-संयोजक संजीव शर्मा तथा जिला अध्यक्ष अजय खट्टा उपस्थित रहेंगे।

09 जनवरी 2026 को ही कुल्लू में आयोजित प्रेस वार्ता को पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रवक्ता अखिलेश कपूर, मीडिया सह-संयोजक दानवेंद्र, भीम सेन तथा जिला अध्यक्ष अमित सूद उपस्थित रहेंगे।

इसके अतिरिक्त 09 जनवरी 2026 को पालमपुर में वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर मीडिया से संवाद करेंगे। उनके साथ प्रवक्ता विनय शर्मा एवं जिला अध्यक्ष रागिनी रुकवाल उपस्थित रहेंगी।

10 जनवरी 2026 को सुंदरनगर में मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, प्रवक्ता डॉ. सीमा ठाकुर तथा जिला अध्यक्ष हीरा लाल उपस्थित रहेंगे।

इसी दिन महसू में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक बलवीर वर्मा मुख्य वक्ता होंगे। उनके साथ आईटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी चेतन बरगाटा तथा जिला अध्यक्ष अरुण फाल्टा उपस्थित रहेंगे।

साथ ही 10 जनवरी 2026 को सिरमौर में प्रवक्ता बलदेव तोमर प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। उनके साथ प्रवक्ता विनय गुप्ता, मीडिया सह-संयोजक विक्रम वर्मा तथा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता उपस्थित रहेंगे।

12 जनवरी 2026 को नूरपुर में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार मुख्य वक्ता होंगे। उनके साथ प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा तथा जिला अध्यक्ष राजेश काका उपस्थित रहेंगे।

इसी दिन चंबा में प्रवक्ता एवं विधायक डीएस ठाकुर मीडिया से संवाद करेंगे। उनके साथ जिला अध्यक्ष धीरज नय्याल उपस्थित रहेंगे।

अंत में 14 जनवरी 2026 को किन्नौर में मीडिया सह-संयोजक सरत नेगी प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे, जिसमें जिला अध्यक्ष यशवंत सिंह उपस्थित रहेंगे।

कर्ण नंदा ने कहा कि VB-GRAM G जन जागरण अभियान के माध्यम से भाजपा ग्रामीण भारत को रोजगार, आजीविका, पारदर्शिता और आत्मनिर्भरता की गारंटी देने वाली केंद्र सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएगी तथा कांग्रेस सरकार द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम का तथ्यों के साथ जवाब देगी।

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आदरणीय श्री भगत राम चौहान जी, पूर्व विधायक कुम्हारसैन, के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

डॉ. बिंदल ने अपने शोक संदेश में कहा कि आदरणीय भगत राम चौहान जी के निधन का दुःखद समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनका जाना न केवल कुम्हारसैन क्षेत्र बल्कि प्रदेश की राजनीति और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जनसेवा, सरलता और समर्पण के साथ क्षेत्र की सेवा की, जिसे सदैव स्मरण किया जाएगा।

डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकसंतप्त परिवारजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।