जयराम ठाकुर ने प्रियंका गांधी पर तंज करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने विधानसभा चुनाव के समय हिमाचल प्रदेश के लोगों की राय जानने के लिए अपने गुप्तचरों को गली-गली लगाया था और चाय की दुकान से बड़ी सारी सूचनाएं एकत्र की थी उसी तरह इस बार भी उन्हें अपने गुप्तचरों को लगा कर इस सरकार का हाल चाल, भ्रष्टाचार में डूब रही व्यवस्था, कार्यवाहकों के भरोसे सरकार, मित्र मंडली की मौज की जानकारी लेंगी तो उनकी आंखे खुल जाएगी। मुख्यमंत्री के संरक्षण में व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर किस तरह से व्यवस्था का पतन हो रहा है और 3 साल में हिमाचल किस तरह 30 साल पीछे चला गया, का अंदाजा उन्हें हो जाएगा। और अगली चुनाव में कांग्रेस की होने वाली दुर्गति की जानकारी मिल जाएगी। प्रदेश आपदा के दौर से गुजर रहा है। ऐसे में कांग्रेस के आला नेताओं को प्रभावित क्षेत्रों में जाकर आपदा प्रभावितों से मिलना चाहिए था। हिमाचल सरकार के द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा करनी चाहिए थी। प्रधानमंत्री यदि आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर सकते हैं प्रभावितों से मिल सकते हैं 1500 करोड़ की राहत दे सकते हैं तो कांग्रेस आला कमान को प्रभावितों से मिलने में क्या समस्या है?
