मुख्यमंत्री ने कहा सरकार के दो वर्ष उपलब्धियों से परिपूर्ण

प्रदेश सरकार ने समाज के हर वर्ग का समान विकास किया सुनिश्चितः राजीव शुक्ला

पहल है।
सांसद एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा अपने आप को त्रिलोक का राजा समझती है। भाजपा जनादेश को भी नहीं मानती है और धन-बल के दम पर सरकार गिराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भाजपा का साथ दिया वह आज बेरोजगार हो गए हैं। झूठ बोलने में भाजपा माहिर है और मीडिया के जरिए उसको फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है। अगर भाजपा हिंदू हितैषी है तो हिन्दुओं को बांग्लादेश में क्यों नहीं बचा पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मनरेगा और सूचना का अधिकार जैसे महत्त्वपूर्ण कानून बनाने सहित किसानों का कर्जा भी माफ किया। भाजपा नेता सिर्फ योजनाओं का श्रेय लेने में लगे हैं और सत्ता के नाम पर धमकाया जा रहा है।
राजीव शुक्ला ने कहा कि जय राम ठाकुर सत्ता पाने के लिए छटपटा रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की सरकारों को गिराए जाने का प्रयास किया जा रहा है और उनका हक नहीं दिया जा रहा है। भाजपा विपक्षी पार्टियों की सरकारों के साथ भेदभाव कर रही है। आपदा के दौरान मैं स्वयं हिमाचल के लिए मदद मांगने के लिए प्रधानमंत्री के पास गया लेकिन प्रदेश को केंद्र से कोई राहत नहीं प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को प्रदेश के लोगों ने भारी बहुमत से जीताकर हिमाचल की सेवा करने का दायित्व सौंपा है तथा हमारी सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि आज हमने इस अवसर पर जनता को दी गई गोबर की खरीद की गारंटी को भी पूरा कर दिया है।

उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा द्वारा सरकार गिराने की कोशिशें निरंतर की जाती रहीं। भाजपा के नेता सिर्फ यही कहते रहे कि सरकार गिर रही है, लेकिन हम जानते हैं कि जय राम ठाकुर और भाजपा के नेता में दम नहीं है। उन्होंने कहा कि हम 40 थे और 40 हैं। भाजपा सरकार गिराने के सपने देखना बंद करे क्योंकि अब भाजपा की हिमाचल प्रदेश में कभी भी सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को कांग्रेस हाईकमान का आशीर्वाद प्राप्त है। प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हीं के प्रयासों से हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनी है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भाजपा के विरोध के बावजूद भारी जनसमर्थन से संसद पहुंचे हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा पहले सरकार गिराने का प्रयास करती रही और अब सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरे पांच साल चलेगी। उन्होंने कहा कि एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है और इससे ईमानदार मंत्रिमंडल नहीं हो सकता है। भाजपा के नेता दिल्ली जाकर हिमाचल प्रदेश का पैसा रुकवाने के प्रयास करते हैं। उन्होंने जय राम ठाकुर से सवाल किया कि वह बताएं कि किस सरकारी कर्मचारी को वेतन और किस को पेंशन नहीं मिली। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी में अगर किसी को वेतन नहीं मिला है तो मैं इस्तीफा देने को तैयार हूं और यदि जय राम ठाकुर झूठ बोल रहे हैं तो वह इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के साथ बेहतर संबंध चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिमला में 2000 करोड़ रुपये का रोपवे बनाने जा रही है, जो देश का सबसे बड़ा रोपवे होगा। उन्होंने कहा कि अगले दो साल में बल्क ड्रग पार्क का निर्माण कर दिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने सभी को राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी और कहा कि सरकार ने दो सालों में अभूतपूर्व विकास किया है। राज्य सरकार अनाथ बच्चों, गरीब और वंचित वर्गों का सहारा बनी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का पूरा समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता का आशीर्वाद राज्य सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान वह प्रधानमंत्री के पास गईं और उनसे राज्य की मदद करने की गुहार लगाई लेकिन केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की। जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने विशेष आर्थिक पैकेज जारी कर आपदा प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता की, जिसके लिए प्रदेश सरकार बधाई की पात्र है।
उन्होंने कहा कि आपदा से उबरने में काफी समय लगा, लेकिन राज्य सरकार ने बेहतर काम करते हुए लोगों को राहत पहुंचाई। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के गठन में गांधी परिवार और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को सराहा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा हिमाचल प्रदेश के हितों के लिए मुखर रहे और राज्य के विकास में उनका बहुमूल्य योगदान है। उन्होंने कहा कि आपदा में कांग्रेस कार्यकर्ता बढ़-चढ़कर राहत कार्य में शामिल हुए और सरकार का सहयोग किया। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए सरकार और संगठन मिलकर कार्य कर रहे हैं तथा राज्य सरकार गरीब व वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
 तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्यमंत्री और राजीव शुक्ला का बिलासपुर पहुंचने पर स्वागत किया और कहा कि बिलासपुर पहले सिर्फ वीरभूमि के नाम से जाना जाता था लेकिन अब जिला पर्यटन के मानचित्र पर भी उभर रहा है। वर्तमान राज्य सरकार ने वॉटर टूरिज्म को नए पंख लगाए हैं तथा बिलासपुर रेल लाइन के निर्माण के लिए 1300 करोड़ रुपये दिए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश की कोई मदद नहीं की और आज भी 9042 करोड़ रुपयेे के क्लेम केंद्र सरकार के पास लंबित हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से चुने हुए भाजपा के सांसद हिमाचल प्रदेश की आवाज को बुलंद करने में नाकाम रहे हैं। भाजपा केवल देश और प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सरकार की उपलब्धियों पर आधारित एक वृतचित्र भी प्रदर्शित किया गया। पुरानी पेंशन बहाल करने पर कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायकगण, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कांग्रेस के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी के प्रमुख संगठनों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित अन्य गणमान्य इस अवसर पर उपस्थित थे।