मंडी, 5 मई। हर इंसान का सपना होता है कि उसका अपना एक पक्का मकान हो, एक ऐसा खुशियों का घरौंदा जहां पूरा परिवार हंसी खुशी साथ साथ रह सके, एक साथ जिंदगी गुजार सके। लेकिन कईयों के ये सपने गरीबी के कारण, आर्थिक वजहों से पूरे नहीं हो पाते। अपने पक्के मकान के लिए उन्हें सहारे की, मदद की दरकार रहती है। ऐसे लोगों के लिए हिमाचल प्रदेश की जय राम सरकार बड़ा आसरा बनी है। सरकार प्रदेश के लोगों को अपना पक्का मकान बनाने में भरपूर मदद कर रही है। इस मकसद से सरकार ने अपनी विभिन्न आवास योजनाओं के जरिए हर तबके के पात्र लोगों को गृह निर्माण के लिए आर्थिक मदद देने के प्रावधान किए हैं। इसी कड़ी में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन-जाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र व्यक्तियों को पक्का मकान बनाने के लिए ‘स्वर्ण जयंती आश्रय योजना’ में मदद दी जा रही है।
मंडी के जिला कल्याण अधिकारी आर.सी.बंसल बताते हैं कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के जरिए मंडी जिले में बीते चार सालों में 2072 मकान बनाने के लिए 29.87 करोड़ रुपये से ज्यादा की सरकारी मदद प्रदान की गई है। इन 2072 मकानों में अनुसूचित जाति के 1978, अनुसूचित जन-जाति के 25 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 69 पात्र व्यक्तियों के मकान स्वीकृत किए गए हैं।
