शिमला। सांसद प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई अध्यक्ष हो सकती हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू को चुनाव प्रचार कमेटी का अध्यक्ष बनाकर संतुलन साधने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा को मंडी संसदीय सीट के उपचुनाव में चारों खाने चित्त करने वाली सांसद प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की नई अध्यक्ष हो सकती हैं। वीरभद्र कार्ड भुनाकर विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस नई मोर्चाबंदी की तैयारी में जुट गई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू को चुनाव प्रचार कमेटी का अध्यक्ष बनाकर संतुलन साधने का प्रयास किया जा रहा है।
ऐसे में पार्टी के बड़े खेमे ने हिमाचल कांग्रेस की राजनीति में लंबे समय पर एक छत्र राज करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह को पार्टी की कमान थमाने की हाईकमान के पास जोरदार पैरवी की है। बीते दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हिमाचल कांग्रेस को लेकर छह सदस्यीय कमेटी भी गठित की है। दिल्ली में कोर कमेटी सदस्यों की एक अनौपचारिक बैठक भी हुई है।
बैठक में छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह का हिमाचल में प्रभाव अभी भी कायम होने पर सभी ने अपनी सहमति जताई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस के अधिकांश नेता प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बनने पर मुखर नहीं होंगे।
सुखविंद्र सुक्खू को चुनाव प्रचार कमेटी की कमान सौंप कर दूसरे धड़े को भी शांत रखने का प्रयास है। सुक्खू ने लंबे समय बाद
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचकर प्रेस वार्ता की है।अधिकांश समय पार्टी में नेतृत्व बदलाव को लेकर मुखर रहने वाले सुक्खू की बॉडी लैंग्वेज में भी अब बदलाव दिख रहा है। फिलहाल, सोमवार तक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर स्थिति स्पष्ट होने के आसार हैं।
